*हिन्दू नववर्ष*भाग – 01 व 2
OTNews-Desk March 30, 2025 धर्म 6 Views
*हिन्दू नववर्ष*भाग – 01 व 2
एक जनवरी से प्रारम्भ अंग्रेज़ी नववर्ष को इतना महत्व दिया जाता हैं लेकिन भारतीय महान् एवं सनातन संस्कृति से जुड़े नववर्ष की ओर भी हमारा वही भाव, वही समर्पण बना रहता है? नहीं, पर आख़िर ऐसा क्यों है?
हमारी नयी पीढ़ी को अपनी प्राचीन एवं अतुलनीय संस्कृति को सम्भालना एवं ससम्मान इसका प्रचार भी करना होगा क्योंकि हमारी संस्कृति “बहुजन हिताय बहुजन सुखाय” और “वसुधैव कुटुम्बकम्” की बात करती है।
एक जनवरी से प्रारम्भ होने वाली कालगणना को हम ईसवी सन् के नाम से जानते हैं जिसका सम्बन्ध ईसाई जगत व ईसा मसीह से है. इसे रोम के सम्राट जूलियस सीजर द्वारा ईसा के जन्म के तीन वर्ष पश्चात् प्रचलन में लाया गया. भारत में ईसवी सन् का प्रचलन अंग्रेज़ी शासकों ने १७५२ में किया गया।
१७५२ से पहले ईसवी सन् २५ मार्च से शुरू होता था किन्तु १८ वीं शताब्दी से इसकी शुरुआत एक जनवरी से होने लगी. जनवरी से जून, रोमन के नामकरण रोमन, जोनस, मार्स इत्यादि के नाम पर है।
जुलाई और अगस्त रोम के सम्राट् जूलियस सीजर तथा उसके पौत्र आगस्टन के नाम पर तथा सितम्बर से दिसम्बर तक रोमन संवत के मासों के आधार पर रखे गये हैं।
क्या ये आधार सही है? कालगणना का आधार तो ग्रहों और नक्षत्रों की स्थिति पर आधारित होना चाहिए।
ग्रेगेरियन कैलेण्डर की कालगणना मात्र दो हज़ार वर्षों की अतिअल्प समय को दर्शाती है. जबकि यूनान की कालगणना १,५५८ वर्ष, रोम की २,७६३, यहूदी ५,७७४, मिस्र की २८,६९५, पारसी की ०१,९८,८८१ तथा चीन की ०९,६०,०२,३११, वर्ष पुरानी है।
इन सबसे अलग यदि भारतीय काल गणना की बात करें तो हमारे ज्योतिष के अनुसार पृथ्वी की आयु १,९६,०८५३,१२६ वर्ष है. जिसके व्यापक प्रमाण हमारे पास उपलब्ध हैं. हमारे प्राचीन ग्रंथों में एक एक पल की गणना की गई है।
दो हजार वर्ष पहले शकों ने सौराष्ट्र और पंजाब को रौंदते हुए अवंतिका पर आक्रमण कर विजय प्राप्त की. विक्रमादित्य ने राष्ट्रीय शक्तियों को एक सूत्र में पिरोया और शक्तिशाली मोर्चा खड़ा करके ईसा पूर्व ५७ में शकों पर भीषण आक्रमण कर विजय प्राप्त की।
थोड़े समय में ही इन्होंने कोंकण, सौराष्ट्र, गुजरात और सिंध भाग के प्रदेशों को भी शकों से मुक्त करावा लिया. वीर विक्रमादित्य ने शकों को उनके गढ़ अरब में भी क़रारी मात दी. इसी सम्राट विक्रमादित्य के नाम पर भारत में विक्रमी संवत् प्रचलित हुआ. इसके बाद भारत में मुग़लों के शासन काल के दौरान सरकारी क्षेत्र में हिजरी सन् चलता रहा. भारतीय सरकार ने शक संवत् को अपनाया।
जिस प्रकार ईसवी संवत् का सम्बन्ध ईसा से है, उसी प्रकार हिजरी संवत् का सम्बन्ध मुस्लिम जगत और हज़रत मुहम्मद से है. किन्तु विक्रमी संवत् का सम्बन्ध किसी भी धर्म से न होकर सारे विश्व की प्रकृति, खगोल सिद्धांत व ब्रह्मांड के ग्रहों व नक्षत्रों से है. इसलिए भारतीय काल गणना पंथ निरपेक्ष होने के साथ सृष्टि की रचना व राष्ट्र की गौरवशाली परम्पराओं को दर्शाती है।
इतना ही नहीं, ब्रह्मांड के सबसे पुरातन ग्रंथों वेदों में भी इसका वर्णन है. नव संवत् यानि संवत्सरों का वर्णन यजुर्वेद के २७ वें तथा ३० वें अध्याय के मंत्र क्रमांक क्रमशः ४५ व १५ में विस्तार से दिया गया ह।
विश्व को सौर मण्डल के ग्रहों व नक्षत्रों की चाल व निरन्तर बदलती उनकी स्थिति पर ही हमारे दिन, मास, वर्ष और उनके सूक्ष्मतम् भाग पर आधारित है।
हिंदू नव वर्ष *भाग – ०२*
~~~~~~~~~
इसी वैज्ञानिक आधार के कारण ही पाश्चात्य देशों के अंधानुकरण के बावजूद, चाहे बच्चे के गर्भाधान की बात हो, गृह प्रवेश या व्यापार प्रारम्भ करने की बात हो हम एक कुशल पंडित के पास जाकर शुभ मुहूर्त पुछते हैं।
और तो और, देश के बड़े से बड़े राजनेता भी सत्तासीन होने के लिए सबसे पहले एक अच्छे मुहूर्त का इन्तजार करते हैं जो कि विशुद्ध रूप से विक्रमी संवत् के पञ्चाङ्ग पर आधारित होता है।
भारतीय मान्यतानुसार कोई भी काम शुभ मुहूर्त में किया जाये तो उसकी सफलता में चार चाँद लग जाते हैं. अत: स्पष्ट है कि भारतीय नववर्ष मनाना ईसाई नववर्ष मनाने से पूर्णरूपेण श्रेष्ठ है।
भारतीय नववर्ष का प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व भी है।
०१~ वसन्त ऋतु का आरम्भ वर्ष प्रतिपदा से ही होता है।
०२~ यह दिन सृष्टि रचना का पहला दिन है. आज के दिन से एक अरब छयानवे करोड़ आठ लाख तरेप्पन हज़ार एक सौ चौबीस वर्ष इसी दिन सूर्योदय से ब्रह्माजी ने सृष्टि की रचना प्रारम्भ की।
०३~ इसी दिन प्रभु श्रीराम जी का राज्यभिषेक हुआ।
०४~ इसी दिन शक्ति और भक्ति के नौ दिन अर्थात् नवरात्र स्थापना का पहला दिन यही है।
०६~ गुरु अंगददेव प्रकटोत्सव का यही दिन है।
०६~ सन्त झूलेलाल का जन्म भी इसी दिन हुआ।
०७~ स्वामी दयानन्द सरस्वती ने इसी दिन आर्य समाज की पुनर्स्थापना की।
०८~ ५०१२४ वर्ष पूर्व युधिष्ठिर का राज्यभिषेक भी इसी दिन हुआ।
इसके अतिरिक्त और भी बहुत सारे प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व हैं।
भारतीय सांस्कृतिक जीवन का विक्रमी संवत् से गहरा नाता है. भारतीय नववर्ष चैत्र मास के शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाता है जिसे विक्रमी संवत् का नवीन दिवस भी कहा जाता है।
स्वामी विवेकानन्द ने कहा था – यदि हमें गौरव से जीने का भाव जगाना है, तो हमें अपने अन्तर्मन में राष्ट्र भक्ति के बीज को पल्लवित करना है तो राष्ट्रीय तिथियों का आश्रय लेना होगा. ग़ुलाम बनाए रखने वाले परकीयों की दिनांकों पर आश्रित रहने वाला व्यवहार बदलना होगा।
भारतीय तिथियाँ हमारे मन में यह उद्घोष जगाती हैं कि हम धरती माता के पुत्र हैं सूर्य चंद्र व नवग्रह हमारे आधार हैं. प्राणी मात्र हमारे परिवारिक सदस्य हैं तभी हमारी संस्कृति का बोध “वसुधैव कुटुंबकम्” का सार्थक्य सिद्ध होता है।
ध्यान रहे कि सामाजिक विकृतियों ने भारतीय जीवन में दोष एवं रोग भर दिया, फलतः कमज़ोर राष्ट्र के भू-भाग पर परकीय, परधर्मियों ने आक्रमण कर हमें ग़ुलाम बना दिया. सदियों से पराधीनता की पीड़ायें झेलनी पड़ी. पराधीनता के कारण जिस मानसिकता का विकास हुआ इस से हमारे राष्ट्रीय भाव का क्षय हो गया और समाज में व्यक्तिवाद, भय एवं निराशा का संचार होने लगा।
जिस समाज में भगवान् श्रीराम, श्रीकृष्ण, बुद्ध, महावीर, नानक व अनेक ऋषि – मुनियों का आविर्भाव हुआ. जिस धरा-धाम पर परशुराम, भीष्म, बाल्मीकि, वशिष्ठ एवं चाणक्य जैसे दिव्य पुरुषों का जन्म हुआ. जहाँ परम् प्रतापी महाराज व सम्राटों की श्रृंखला का गौरवशाली इतिहास निर्मित हुआ. वहाँ की गौरवशाली परंपराएं ही हमारा वास्तविक हित कर सकेंगी।
मोरारजी देसाई को जब किसी ने पहली जनवरी को नववर्ष की बधाई दी तो उन्होंने उत्तर दिया था – किस बात की बधाई दी? मेरे देश और देश के सम्मान का तो इस नववर्ष से कोई सम्बन्ध नहीं. यही हम लोगों को भी समझना और समझाना होगा।
क्या एक जनवरी के साथ ऐसा एक भी प्रसङ्ग जुड़ा है जिस से राष्ट्र प्रेम जाग सके? आईये हम सब मिलकर विदेशी को फैंक स्वदेशी को अपनायें और गर्व के साथ भारतीय नववर्ष यानि विक्रमी संवत् को ही मनायें. इस दिन एक दूसरे को बधाई देकर अधिक से अधिक प्रचार करें।
*पनपा “गोरखपुरी”*