Breaking News

शारदीय नवरात्रि की चतुर्थ माँ कुष्माण्डा*

शारदीय नवरात्रि की चतुर्थ माँ कुष्माण्डा*

नवरात्रि में चौथे दिन देवी को कुष्मांडा के रूप में पूजा जाता है। इसके साथ ही भगवान् गणेश की भी उपासना की जाती है। अपनी मंद, हल्की हंसी के द्वारा अण्ड यानी ब्रह्मांड को उत्पन्न करने के कारण इस देवी को कुष्मांडा नाम से अभिहित किया गया है।

जब सृष्टि नहीं थी, चारों तरफ अंधकार ही अंधकार था, तब इसी देवी ने अपने ईषत्‌ हास्य से ब्रह्मांड की रचना की थी। इसीलिए इसे सृष्टि की आदिस्वरूपा या आदिशक्ति कहा गया है।

माँ कुष्माण्डा की आठ भुजाएं हैं, इसलिए अष्टभुजा कहलाईं। इनके सात हाथों में क्रमशः कमण्डल, धनुष, बाण, कमल-पुष्प, अमृतपूर्ण कलश, चक्र तथा गदा हैं। आठवें हाथ में सभी सिद्धियों और निधियों को देने वाली जप माला है।

इस देवी का वाहन सिंह है। इस देवी का वास सूर्यमंडल के भीतर लोक में है। सूर्यलोक में रहने की शक्ति क्षमता केवल इन्हीं में है। इसीलिए इनके शरीर की कांति और प्रभा सूर्य की भांति ही दैदीप्यमान है। इनके ही तेज से दसों दिशाएं आलोकित हैं। ब्रह्मांड की सभी वस्तुओं और प्राणियों में इन्हीं का तेज व्याप्त है।

अचंचल और पवित्र मन से नवरात्रि के चौथे दिन इस देवी की पूजा-आराधना करना चाहिए। इससे भक्तों के रोगों और शोकों का नाश होता है तथा उसे आयु, यश, बल और आरोग्य प्राप्त होता है। ये देवी अत्यल्प सेवा और भक्ति से ही प्रसन्न होकर आशीर्वाद देती हैं। सच्चे मन से पूजा करने वाले को सुगमता से परम पद प्राप्त होता है।

*सृजन की शक्ति का पर्व नवरात्र*
======================
हमारे शास्त्रों में अज्ञान और विकारों को एक विकराल रात्रि के समान बताया गया है। इन दुर्गुण रूपी रात्रि के समन के लिए व जीवन को एक नई दिशा, नई उमङ्ग, नया उत्साह देने के साधना काल का नाम ही नवरात्र है।

अंधकार का नाश करते हुए सकारात्मक रूपी नव ऊर्जा से भरकर जो इन्द्रियाँ, चित्त का हरण करने वाले विषयों में प्रवृत्त कराती हैं उनको रोकने का प्रयत्न करता है। जैसे घोड़े को सारथी रोक कर शुद्ध मार्ग पर चलाता है इस प्रकार इनको अपने वश में करके अधर्म मार्ग से हटा कर धर्म मार्ग में चलाने का प्रयत्न करता है।

जीवन को नवीनता प्रदान करना ही नवरात्र का मुख्य उद्देश्य है। जीवन में काम, क्रोध, लोभ, मोह का समावेश ही घनघोर रात्रि के समान है जिसमें प्रायः जीव उचित मार्ग के अभाव में भटकता रहता है। माँ दुर्गा साक्षात ज्ञान का ही स्वरूप है और नवरात्र में माँ दुर्गा की उपासना का अर्थ ही ज्ञान रूपी दीप प्रज्ज्वलन कर जीवन से अज्ञान के तिमिर का नाश करना है।

*“स्त्री-प्रकृति या ‘शक्ति’* जीवन का एक शक्तिशाली आयाम है। *’शक्ति’ के बिना किसी वस्तु का अस्तित्व नहीं होगा।* देवी प्रतीक है *उल्लास की अभिव्यक्ति का,* ममत्व का, आनंद का।,

*इच्छा, ज्ञान और क्रिया शक्ति* के रूप में सचराचर जगत् में व्याप्त कीट से ब्रह्म तक को उदर में धारण करने वाली *सृजन की शक्ति सम्पूर्ण ब्रह्मांड की क्रियात्मक व आधारभूत शक्ति पराम्बा माँ ललिता राजराजेश्वरि त्रिपुरसुन्दरी दुर्गा* के आराधन की शुभ्र बेला शारदीय नवरात्र आप सभी के लिए सर्वथा शुभ एवम् कल्याणकारी सिद्ध हो।
*पनपा “गोरखपुरी”*

About OTNews-Desk

Check Also

पचाँग व राशिफल*शनिवार, ०२ मई २०२६*

 पचाँग व राशिफल*शनिवार, ०२ मई २०२६* *सूर्योदय: ~ ०५:५३* *सूर्यास्त: ~ १८:५५* *चन्द्रोदय: ~ १९:३९* …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *